🚨 BREAKING NEWS
Advertisement
Advertise with us
Homeअपराधअंकिता भंडारी मामले से जुड़े वायरल ऑडियो...

अंकिता भंडारी मामले से जुड़े वायरल ऑडियो-वीडियो प्रकरण में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार

P
By Pahadnews24
June 15, 2026 • 1 min read
अंकिता भंडारी मामले से जुड़े वायरल ऑडियो-वीडियो प्रकरण में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार
अंकिता भंडारी मामले से जुड़े वायरल ऑडियो-वीडियो प्रकरण में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार (Photo: Pahad News)

देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वायरल ऑडियो-वीडियो प्रकरण में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी की पुष्टि देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने की है।


 

पुलिस के अनुसार सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून और हरिद्वार के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया पर ऐसे ऑडियो और वीडियो प्रसारित किए, जिनमें कुछ भाजपा नेताओं के संबंध में आपत्तिजनक दावे किए गए थे। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वायरल सामग्री से उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।


 

जानकारी के मुताबिक इस मामले में हरिद्वार के झबरेड़ा और बहादराबाद थानों के अलावा देहरादून के नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थानों में भी एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और अब कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक को गिरफ्तार कर लिया।


 

गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड के सबसे चर्चित मामलों में से एक रहा है। इस मामले को लेकर समय-समय पर सोशल मीडिया और राजनीतिक मंचों पर कई तरह के दावे और चर्चाएं सामने आती रही हैं। इसी दौरान वायरल हुए कुछ कथित ऑडियो-वीडियो को लेकर विवाद बढ़ा और मामला कानूनी दायरे में पहुंच गया।


 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वायरल सामग्री की सत्यता, स्रोत और अन्य कानूनी पहलुओं की पड़ताल जारी है। पूर्व विधायक की गिरफ्तारी के बाद उत्तराखंड की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।


 

अपराध UTTARAKHAND