गैरसैंण में उत्तराखंड क्रांति दल ने मनाया 48वां स्थापना दिवस, राज्यहित के लिए लिया संकल्प
गैरसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में शनिवार को उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अपना 48वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। उक्रांद यूथ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष नेगी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा मिष्ठान वितरण किया।
इस अवसर पर भराड़ीसैंण में देवदार का पौधारोपण कर राज्यहित, पर्यावरण संरक्षण और उत्तराखंड की अस्मिता की रक्षा का संकल्प लिया गया। कार्यकर्ताओं ने स्थायी राजधानी गैरसैंण, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, किसानों के हित में मजबूत मंडी व्यवस्था, एग्रो फॉरेस्ट को बढ़ावा तथा उत्तराखंड की बोली-भाषाओं को संवैधानिक दर्जा दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी दोहराया। साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों में उत्तराखंड क्रांति दल को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारी मदन मोहन नवानी, केंद्रीय महामंत्री रणजीत शाह, केंद्रीय संगठन मंत्री (युवा उक्रांद) देवेंद्र सिंह, केंद्रीय सचिव कुंवर राजा सिंह, विधानसभा अध्यक्ष महिपाल सिंह नेगी, जिला महासचिव अवतार नेगी, युवा अध्यक्ष अमित रावत सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।