गढ़वाल और कुमाऊँ मंडल संयोजक पद से इस्तीफे पर फैली अफवाहों का उक्रांद ने किया खंडन, कहा— दल पूरी तरह एकजुट
देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में गढ़वाल मंडल संयोजक पद से दिए गए इस्तीफे को लेकर चलाए जा रहे भ्रामक प्रचार का खंडन किया है। पार्टी के केंद्रीय मीडिया प्रभारी (युवा प्रकोष्ठ) आयुष रावत ने स्पष्ट किया कि संबंधित साथियों ने केवल गढ़वाल मंडल संयोजक एवं कुमाऊं मंडल संयोजक के अतिरिक्त संगठनात्मक दायित्व से इस्तीफा दिया है, न कि उत्तराखंड क्रांति दल की प्राथमिक सदस्यता से।
आयुष रावत ने कहा कि संबंधित पदाधिकारियों की पार्टी में सक्रिय भूमिका पहले की तरह जारी है। वे वर्तमान में उत्तरकाशी युवा जिला अध्यक्ष एवं युवा केंद्रीय संगठन मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों तथा नई संगठनात्मक जिम्मेदारियों को देखते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल पूरी मजबूती, संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता के साथ आगे बढ़ रहा है। पार्टी के भीतर किसी प्रकार की टूट-फूट या मतभेद की खबरें पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं।
उक्रांद ने सभी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और मीडिया संस्थानों से अपील की है कि अपुष्ट सूचनाओं के प्रसार से बचें और केवल पार्टी की आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।