कर्णप्रयाग हिंसा के बाद उक्रांद युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष आशीष नेगी ने डीएम-एसपी से की मुलाकात, हथियारबंद तत्वों पर कार्रवाई की मांग
कर्णप्रयाग/चमोली। कर्णप्रयाग में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुई हिंसक घटना के बाद उत्तराखंड क्रांति दल युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष नेगी ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक चमोली से मुलाकात कर स्थानीय लोगों की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
नेगी ने कहा कि कर्णप्रयाग की घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। उनका आरोप है कि कुछ बाहरी हथियारबंद लोगों द्वारा स्थानीय नागरिकों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हुए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धरती पर किसी भी व्यक्ति को हथियारों के बल पर आतंक फैलाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
आशीष नेगी ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हथियार लेकर चलने वाले लोगों पर तत्काल प्रभाव से रोक नहीं लगाई गई और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो इसका असर यात्रा व्यवस्था पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और सरकार व प्रशासन को इस विषय को गंभीरता से लेना चाहिए।
युवा प्रकोष्ठ की ओर से प्रशासन के समक्ष तीन सूत्रीय मांगें भी रखी गईं। इनमें घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई, सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के प्रदर्शन पर सख्त रोक तथा स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग शामिल है।
नेगी ने कहा कि यदि प्रशासन उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं करता है तो उत्तराखंड क्रांति दल युवा प्रकोष्ठ पूरे प्रदेश में व्यापक जनआंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि उक्रांद सदैव स्थानीय जनता के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहेगा।
फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।