गोपेश्वर में USF की शक्ति प्रदर्शन रैली, छात्र हितों के मुद्दों पर बुलंद हुई आवाज
गोपेश्वर। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के गोपेश्वर परिसर में सोमवार को उत्तराखंड छात्र संगठन (USF) की ओर से शक्ति प्रदर्शन रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
रैली के दौरान USF नेता धर्मेंद्र फरस्वाण ने कहा कि छात्र हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए USF लगातार संघर्ष करता रहेगा। साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।
रैली को समर्थन देने पहुंचे उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री बृज मोहन सिंह सजवाण ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों और अधिकारों की लड़ाई में उत्तराखंड क्रांति दल उनके साथ खड़ा है। उन्होंने छात्र संगठन के आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
कार्यक्रम में USF जिलाध्यक्ष सौरव सती, जो पूर्व में महाविद्यालय ज्योतिर्मठ के अध्यक्ष रह चुके हैं, सहित बड़ी संख्या में छात्र और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे। रैली के दौरान छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और अपनी एकजुटता एवं शक्ति का प्रदर्शन किया।