देहरादून: विधायक निधि के लिए 375 करोड़ जारी, हर विधायक को मिलेंगे 5 करोड़
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विधायक निधि के तहत 375 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। प्रदेश के प्रत्येक विधायक को अपनी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों के लिए यह राशि जारी की गई है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के अनुमोदन और वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद अपर सचिव ग्राम्य विकास अनुराधा ने धनराशि जारी करने के आदेश जारी किए। सरकार ने स्पष्ट किया है कि विधायक निधि से कराए जाने वाले सभी कार्यों की अनिवार्य रूप से जियो टैगिंग की जाएगी, ताकि पारदर्शिता और निगरानी सुनिश्चित हो सके।
विधायक निधि का उपयोग केवल पूंजीगत एवं निर्माण कार्यों में ही किया जाएगा। इस धनराशि का इस्तेमाल राजस्व व्यय में नहीं किया जा सकेगा। साथ ही विधायक अपनी निधि को दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में खर्च नहीं कर पाएंगे। हालांकि आपदा की स्थिति में निधि की 10 प्रतिशत राशि अन्य क्षेत्रों में उपयोग की जा सकेगी।
सरकार की ओर से कार्यों की स्वीकृति, व्यय और भुगतान की जानकारी के लिए ऑनलाइन पोर्टल भी तैयार किया जाएगा। विधायक अपने क्षेत्र में कराए जाने वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को भेजेंगे। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विधायक की अनुमति के बिना किसी भी कार्य स्थल में बदलाव नहीं किया जा सकेगा।