शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर काशीपुर में युवा उक्रांद ने बांटी मेलोडी टॉफ़ी, कहा— छात्रों के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत
काशीपुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद काशीपुर में युवा उत्तराखंड क्रांति दल (युवा उक्रांद) की ओर से केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत के नेतृत्व में मेलोडी टॉफ़ी वितरित कर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आम जनता को टॉफ़ी खिलाकर छात्रों के लोकतांत्रिक संघर्ष के प्रति समर्थन व्यक्त किया और कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली तथा छात्रों के अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर देशभर में उठी आवाज़ ने सरकार को बड़ा फैसला लेने के लिए मजबूर किया है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोच्च होती है और जब लाखों छात्र-छात्राएं शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करते हैं तो सत्ता को उनकी आवाज़ सुननी पड़ती है। उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम छात्रों की एकजुटता और लोकतांत्रिक मूल्यों की ताकत को दर्शाता है। साथ ही सरकार से मांग की गई कि शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और छात्र हितैषी बनाया जाए ताकि भविष्य में युवाओं को इस प्रकार की समस्याओं का सामना न करना पड़े।
युवा उक्रांद ने कहा कि संगठन आगे भी शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से आवाज़ उठाता रहेगा और जनहित के हर संघर्ष में जनता के साथ खड़ा रहेगा।
इस दौरान युवा उक्रांद महानगर अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, महानगर महामंत्री सतेंद्र शर्मा सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।