सहसपुर में संगठन विस्तार को लेकर सक्रिय हुई UKD, बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प
सेलाकुई/देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने सहसपुर विधानसभा के बनियावाला में संगठन विस्तार एवं जनसंपर्क अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा युवाओं, महिलाओं और पूर्व सैनिकों की भागीदारी बढ़ाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता सहसपुर सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष निरंजन चौहान ने की। इस दौरान केंद्रीय उपाध्यक्ष अशुतोष नेगी, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष मेजर संतोष भंडारी, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष महिपाल पुंडीर, पछवादून जिला अध्यक्ष जितेंद्र पंवार, जिला कार्यकारी अध्यक्ष अतुल बेंजवाल, प्रवक्ता पीयूष प्रताप सिंह नेगी, केंद्रीय संगठन मंत्री मनोज कंडवाल, सहसपुर ब्लॉक अध्यक्ष यशपाल नेगी, युवा जिला अध्यक्ष विपिन अंथवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल राज्य आंदोलन की मूल भावना और उत्तराखंडियत की सशक्त आवाज है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर गांव और प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर अधिक से अधिक युवाओं, महिलाओं और जागरूक नागरिकों को पार्टी से जोड़ें।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में संगठन विस्तार अभियान को तेज करने तथा आगामी समय में जनसंपर्क अभियान को और व्यापक बनाने का संकल्प लिया।