राजस्थान निकाय चुनाव में भाजपा के दो उम्मीदवारों को सिर्फ 1-1 वोट, चौंकाने वाला नतीजा
जयपुर। राजस्थान के हालिया निकाय चुनाव के नतीजों में दो भाजपा उम्मीदवारों को महज एक-एक वोट मिलने से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगरपालिका के वार्ड 13 से भाजपा उम्मीदवार कैलाशचंद को सिर्फ एक वोट मिला, जबकि कांग्रेस की हीना खानम ने 376 वोट हासिल कर जीत दर्ज की और निर्दलीय राशिद खान को 195 वोट मिले। वहीं धौलपुर जिले की सैपऊ नगरपालिका के वार्ड 19 में भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मण कोली को भी केवल एक वोट मिला, जबकि निर्दलीय अजय कुमार 108 वोट पाकर विजयी रहे और निर्दलीय राजेश कुमार को 69 वोट मिले।
कैलाशचंद ने बताया कि वह वार्ड 12 के मतदाता हैं, लेकिन पार्टी ने उन्हें वार्ड 13 से चुनाव लड़ाया था। दूसरी ओर लक्ष्मण कोली का मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उनकी पत्नी, बेटा और बहू समेत परिवार के कुछ सदस्य इसी वार्ड के मतदाता बताए गए हैं, हालांकि मतदान गोपनीय होने के कारण यह निश्चित नहीं कहा जा सकता कि परिवार के सदस्यों ने किसे वोट दिया। राजस्थान में 309 शहरी निकायों के लिए हुए चुनाव में 10 हजार से अधिक पार्षद पदों पर मतदान हुआ था। परबतसर नगरपालिका के 25 वार्डों में कांग्रेस ने 13 और भाजपा ने 12 वार्डों में जीत दर्ज की।