जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को नम आंखों से अंतिम विदाई, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) की अंतिम यात्रा में मंगलवार को भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे माहौल में भावुकता, सम्मान और सैन्य अनुशासन की झलक देखने को मिली। लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।
अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, विधायक दिलीप रावत, मनीष खंडूड़ी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए खंडूड़ी जी के योगदान को याद किया।
मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को उत्तराखंड की राजनीति में ईमानदारी, सादगी और अनुशासन का प्रतीक माना जाता था। सैन्य पृष्ठभूमि से राजनीति में आए खंडूड़ी जी ने अपने कार्यकाल के दौरान साफ-सुथरी छवि और जनहित के फैसलों से अलग पहचान बनाई थी।
उनकी अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण रही कि जनता के बीच उनके प्रति सम्मान और विश्वास कितना गहरा था। पूरे राज्य में शोक की लहर है और लोग उन्हें एक अनुशासित सैनिक, सादगीपूर्ण राजनेता और उत्तराखंड के हितों के लिए समर्पित नेता के रूप में याद कर रहे हैं।