ब्रेकिंग न्यूज़ | चमोली (निजमुला घाटी)

चमोली जनपद की निजमुला घाटी के गौणा-भनाली तोक से एक बेहद दुखद और चिंताजनक घटना सामने आई है। देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से करीब 500 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

इस हादसे में राकेश सिंह, हुकम सिंह और मदन लाल समेत लगभग एक दर्जन पशुपालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना से लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

पीड़ित पशुपालकों का कहना है कि एक ही पल में उनकी वर्षों की मेहनत खत्म हो गई। उनका कहना है कि अब परिवार का पालन-पोषण करना बेहद कठिन हो जाएगा।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी इस त्रासदी पर गहरा दुख जताया है और प्रशासन से जल्द राहत पहुंचाने की मांग की है।

प्रशासन से मुआवजे की मांग

प्रभावित पशुपालकों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि नुकसान का सही आकलन कर जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सकें।

फिलहाल प्रशासन की ओर से मौके का निरीक्षण किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।