यूट्यूबर मनीष कश्यप पर टोयोटा की FIR, नितिन गडकरी बोले- E20 नहीं, फ्यूल टैंक में मिला था पानी
नई दिल्ली: बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप के खिलाफ टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने एफआईआर दर्ज कराई है। मामला उस वायरल वीडियो से जुड़ा है, जिसमें मनीष कश्यप ने दावा किया था कि E20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल के इस्तेमाल से उनकी नई टोयोटा कार का इंजन खराब हो गया।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक कार्यक्रम के दौरान इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि टोयोटा की तकनीकी जांच में यूट्यूबर के आरोप गलत पाए गए। उनके अनुसार, कंपनी की जांच में वाहन के फ्यूल टैंक में पेट्रोल के साथ पानी मिला हुआ पाया गया, जबकि इंजन की खराबी का E20 ईंधन से कोई संबंध नहीं मिला।
गडकरी ने बताया कि शुरुआती दौर में वाहन मालिक ने जांच के लिए कार उपलब्ध नहीं कराई थी। बाद में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी के बाद वाहन कंपनी को सौंपा गया, जहां विस्तृत तकनीकी जांच की गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर टोयोटा ने झूठे आरोप लगाकर कंपनी और E20 ईंधन को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए मनीष कश्यप के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब केंद्र सरकार पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण बढ़ाकर कच्चे तेल के आयात में कमी, प्रदूषण नियंत्रण और घरेलू एथेनॉल उद्योग को बढ़ावा देने की नीति पर जोर दे रही है।
हालांकि, मनीष कश्यप की ओर से इस पूरे मामले और एफआईआर पर विस्तृत प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है। यदि उनका पक्ष आता है, तो उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।