यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा बने अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को भाजपा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति में नियुक्ति की जानकारी दी गई। विज्ञप्ति के मुताबिक, दिनेश शर्मा की नियुक्ति उनके पदभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद दिनेश शर्मा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि संविधान, देश और सार्वजनिक सेवा के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है। शर्मा ने इस दायित्व को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का भरोसा जताया।
2017 से 2022 तक रहे यूपी के उपमुख्यमंत्री
62 वर्षीय दिनेश शर्मा उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वह 2017 से 2022 तक उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री रहे। इससे पहले वह लखनऊ के मेयर की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
इसके बाद दिनेश शर्मा राज्यसभा पहुंचे। भाजपा ने उन्हें 2023 के राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया था, जहां वह निर्विरोध निर्वाचित हुए। वह राज्यसभा में उपसभापति के पैनल के सदस्य भी रहे हैं।
25 नवंबर को खत्म होना था राज्यसभा का कार्यकाल
दिनेश शर्मा का राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होना था। इससे पहले ही उन्हें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह केंद्र शासित प्रदेश है और इसका संवैधानिक प्रमुख लेफ्टिनेंट गवर्नर (उपराज्यपाल) होता है। अब दिनेश शर्मा इस केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन की जिम्मेदारी संभालेंगे।