नेपाल में कुदरत का कहर: तिब्बत सीमा से आई भीषण बाढ़, 28 सुरक्षाकर्मी लापता; गांव और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट तबाह
काठमांडू। नेपाल के बागमती प्रदेश के रसुवा जिले में तिब्बत सीमा से सटे इलाकों में भोटेकोशी नदी के अचानक विकराल रूप लेने से भारी तबाही मच गई। स्याप्रुबेसी और तिमुरे क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ से बाजार, गांव, सड़कें और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की साइट्स प्रभावित हुई हैं। बाढ़ की भयावहता दिखाने वाला एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पानी के तेज बहाव से मची तबाही साफ दिखाई दे रही है।
सबसे चिंताजनक स्थिति सुरक्षाकर्मियों को लेकर सामने आई है। बाढ़ के बाद 28 सुरक्षाकर्मियों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिनमें 19 नेपाल पुलिस और 9 सशस्त्र पुलिस बल के जवान बताए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से लापता जवानों की तलाश और प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और सेना की टीमें प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। वहीं, नदी किनारे और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और बेहद सतर्क रहने की अपील की गई है।
भोटेकोशी नदी तिब्बत से निकलकर नेपाल में प्रवेश करती है और आगे चलकर त्रिशूली नदी में मिलती है। अचानक बढ़े जलस्तर के कारण नदी के आसपास के क्षेत्रों में खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों को नदी और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की चेतावनी जारी की है।