🚨 BREAKING NEWS
Advertisement
Advertise with us
Homeदेश / विदेशराम मंदिर दान गबन विवाद में बड़ा एक्शन,...

राम मंदिर दान गबन विवाद में बड़ा एक्शन, कर्मचारी के घर छापा; गोबर के ढेर और अलमारी से मिले लाखों रुपये

P
By Pahadnews24
June 14, 2026 • 1 min read
राम मंदिर दान गबन विवाद में बड़ा एक्शन, कर्मचारी के घर छापा; गोबर के ढेर और अलमारी से मिले लाखों रुपये
राम मंदिर दान गबन विवाद में बड़ा एक्शन, कर्मचारी के घर छापा; गोबर के ढेर और अलमारी से मिले लाखों रुपये (Photo: Pahad News)

अयोध्या के राम मंदिर में दान राशि के कथित गबन को लेकर चल रहे विवाद के बीच जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सिफारिश पर गठित एसआईटी की जांच शुरू होने के बाद पुलिस ने शनिवार रात राम मंदिर से जुड़े एक कर्मचारी के घर पर छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार छापे के दौरान कर्मचारी के आवास से करीब 10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जिनमें कुछ रकम अलमारी से तो कुछ गोबर के ढेर में छिपाकर रखी गई थी।


 

बताया जा रहा है कि संबंधित कर्मचारी की ड्यूटी मंदिर में आने वाले चढ़ावे और दान राशि के प्रबंधन से जुड़ी थी। पुलिस ने कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि कर्मचारी ने हाल ही में करीब 40 लाख रुपये की जमीन खरीदी थी, जिस पर निर्माण कार्य चल रहा है। हालांकि पुलिस और राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


 

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले खुद को राम मंदिर का पूर्व मुख्य लेखा प्रभारी बताने वाले महिपाल सिंह ने दान राशि में बड़े पैमाने पर गबन का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि मंदिर में प्राप्त दान की करीब 7 करोड़ रुपये की राशि में अनियमितताएं हुई हैं। आरोपों के बाद सीसीटीवी फुटेज डिलीट होने की बात भी सामने आई थी, जिससे विवाद और गहरा गया था।


 

मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया था। विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इस मुद्दे को लेकर सरकार और ट्रस्ट पर सवाल उठाए थे। बढ़ते विवाद और आरोपों को देखते हुए राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठित करने की मांग की थी।


 

सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। समिति को एक सप्ताह के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि हिरासत में लिए गए कर्मचारी से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।


 

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दान राशि में कथित गड़बड़ी, नकदी की बरामदगी और हाल में की गई संपत्ति खरीद को जांच के दायरे में रखा गया है। एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।


 

देश / विदेश UTTARAKHAND