बड़ी खबर / फ़िल्म जगत
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और इसी बीच फिल्म, सिनेमा और म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े कई नामी चेहरे भाजपा में शामिल हो गए हैं। रुद्रप्रयाग–केदारनाथ घाटी से अभिनेता, डायरेक्टर एवं प्रोड्यूसर जस पंवार, लोक गायक साहब सिंह रमौला और म्यूजिक प्रोड्यूसर-डायरेक्टर रज्जी गोसाईं ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में भाजपा की सदस्यता ली।
गौरतलब है कि जस पंवार इससे पहले सोशल मीडिया पर मौजूदा भाजपा सरकार की खुलकर आलोचना करते हुए नजर आ चुके हैं। इतना ही नहीं, उनकी कुछ पोस्ट उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के समर्थन में भी देखी गई थीं। ऐसे में उनका अचानक भाजपा से जुड़ना राजनीतिक गलियारों में चर्चा और हैरानी का विषय बना हुआ है।
भाजपा में शामिल होने के बाद जस पंवार ने कहा कि उन्होंने पार्टी की नीतियों, विशेषकर उत्तराखंड की फिल्म पॉलिसी से प्रभावित होकर यह फैसला लिया है। उनका मानना है कि राज्य में क्षेत्रीय सिनेमा और कलाकारों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने सकारात्मक प्रयास किए हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी माहौल में इस तरह के जुड़ाव भाजपा को सांस्कृतिक और सामाजिक स्तर पर मजबूती दे सकते हैं, वहीं विपक्ष इसे मुद्दा बनाकर सवाल भी खड़े कर सकता है।