पुल निर्माण में देरी पर उक्रांद नेता बलवंत गुसाईं ने उठाए सवाल, बोले- उफनती नदी पार कर स्कूल जाने को मजबूर हैं बच्चे
पौड़ी गढ़वाल। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के गवाणी गांव में एक साल पहले भारी बारिश में बहा पुल अब तक नहीं बन पाया है। पुल के अभाव में स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर उफनती मछलाड नदी पार कर विद्यालय पहुंचने को मजबूर हैं। इस मामले को लेकर उक्रांद नेता बलवंत गुसाईं ने सरकार और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पुल का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है।
बलवंत गुसाईं ने कहा कि अगस्त 2025 में पुल बहने के बाद से ग्रामीण लगातार नए पुल के निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन एक साल बीतने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। बच्चों के सामने स्कूल जाने के लिए नदी पार करने या घने जंगल से होकर जाने का विकल्प है। जंगल के रास्ते में दूरी करीब पांच किलोमीटर हो जाती है और जंगली जानवरों व गुलदार का खतरा भी बना रहता है।
उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान मछलाड नदी का जलस्तर बढ़ने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा पैदा हो जाता है। सरकार को मामले का संज्ञान लेते हुए बच्चों के भविष्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुल निर्माण की प्रक्रिया तत्काल शुरू करनी चाहिए।