🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeराजनीतिकांग्रेस में चला अनुशासन का डंडा, 3 नेता...

कांग्रेस में चला अनुशासन का डंडा, 3 नेताओं को 6 साल के लिए किया बाहर

P
By Pahadnews24
July 5, 2026 • 1 min read
कांग्रेस में चला अनुशासन का डंडा, 3 नेताओं को 6 साल के लिए किया बाहर
कांग्रेस में चला अनुशासन का डंडा, 3 नेताओं को 6 साल के लिए किया बाहर (Photo: Pahad News)

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में तीन नेताओं को छह वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई पिथौरागढ़ में आयोजित ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ के दौरान हुए विवाद के बाद की गई है।

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, महेंद्र सिंह लुंठी (पूर्व जिलाध्यक्ष, पिथौरागढ़), भावना नगरकोटी (पूर्व जिलाध्यक्ष, महिला कांग्रेस, पिथौरागढ़) और दीपक लुंठी को तत्काल प्रभाव से छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है।

 

दरअसल, 30 जून को पिथौरागढ़ में आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान भावना नगरकोटी ने अपने संबोधन में पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर पर नगर निकाय चुनाव के दौरान टिकट वितरण और पार्टी से अलग होकर काम करने को लेकर परोक्ष रूप से निशाना साधा। इससे नाराज होकर विधायक मयूख महर अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम छोड़कर बाहर चले गए।

 

स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब विधायक के बाहर निकलते ही कुछ कार्यकर्ताओं ने मंच के सामने ‘मयूख महर मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक विवाद बढ़ चुका था। घटना को पार्टी ने गंभीर अनुशासनहीनता और संगठन की छवि धूमिल करने वाला कृत्य माना।

 

घटना के बाद तीनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया था। साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी, पिथौरागढ़ से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई। रिपोर्ट और राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के आधार पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तीनों नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें छह वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया।

प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि कांग्रेस एक अनुशासित संगठन है और पार्टी विरोधी गतिविधियों या अनुशासनहीनता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन की मर्यादा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


 

राजनीति UTTARAKHAND