केदारनाथ में पूर्व विधायक प्रत्याशी से कथित मारपीट का मामला गरमाया, युवा उक्रांद ने दी आंदोलन की चेतावनी
देहरादून/केदारनाथ। केदारनाथ विधानसभा से पूर्व विधायक प्रत्याशी डॉ. आशुतोष भंडारी के साथ कथित रूप से पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (युवा) ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
युवा उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने जारी बयान में कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित नहीं किया गया और उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो उत्तराखंड क्रांति दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता केदारनाथ विधानसभा पहुंचकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि या नागरिक के साथ इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और इसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
आयुष रावत ने कहा कि उत्तराखंड की जनता कानून का सम्मान करती है, लेकिन कानून के नाम पर कथित दमन और शक्ति के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सत्य को सार्वजनिक करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन द्वारा मामले को दबाने या दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया तो पूरे प्रदेश का युवा वर्ग लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देने के लिए बाध्य होगा। उक्रांद ने कहा कि न्याय और जवाबदेही सुनिश्चित होने तक पार्टी इस मामले को लगातार उठाती रहेगी।