बड़ी खबर: कर्णप्रयाग निहंग मारपीट मामले में चारों आरोपियों को कोर्ट से जमानत, सुनवाई रहेगी जारी
चमोली जिले के कर्णप्रयाग में 16 जून को हुए बहुचर्चित निहंग मारपीट मामले में गिरफ्तार चारों निहंग आरोपियों को जिला एवं सत्र न्यायालय, गोपेश्वर से जमानत मिल गई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश विंध्याचल सिंह ने जमानत याचिका स्वीकार करते हुए चारों आरोपियों को रिहा करने के आदेश दिए। हालांकि, मामले की सुनवाई अभी भी न्यायालय में जारी रहेगी और आगे की कानूनी कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।
गौरतलब है कि 16 जून को हेमकुंड साहिब से लौट रहे निहंगों और कर्णप्रयाग बाजार के स्थानीय लोगों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया था। आरोप है कि इस दौरान तलवार से किए गए हमले में कई स्थानीय लोग घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने चार निहंगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
गिरफ्तारी के विरोध में पंजाब से बड़ी संख्या में निहंगों ने उत्तराखंड कूच का ऐलान किया था। 25 जून को सैकड़ों निहंग उत्तराखंड सीमा तक पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर रोक दिया। इस दौरान बैरिकेडिंग तोड़ने और राज्य में प्रवेश का प्रयास भी किया गया था। निहंगों ने सरकार और प्रशासन को बंद आरोपियों की रिहाई का अल्टीमेटम भी दिया था।
अब चारों आरोपियों को जमानत मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। हालांकि, यह जमानत अंतिम फैसला नहीं है और मामले का परीक्षण न्यायालय में आगे भी जारी रहेगा।