24 पदों पर 1103 आवेदन: बढ़ती बेरोज़गारी ने बढ़ाई सरकारी नौकरी की होड़
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ती बेरोज़गारी की तस्वीर एक बार फिर सामने आई है। रुद्रप्रयाग में होमगार्ड के महज 24 पदों के लिए 1103 युवाओं ने आवेदन किया है। इनमें 20 पुरुष पदों के लिए 917 और 4 महिला पदों के लिए 186 आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह आंकड़ा दर्शाता है कि प्रदेश में रोजगार के सीमित अवसरों के बीच सरकारी नौकरी पाने की होड़ लगातार बढ़ रही है।
जिला मुख्यालय में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। जिला होमगार्ड कमांडेंट सुरेंद्र दत्त डंगवाल के अनुसार चयन प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जा रही है ताकि निष्पक्षता बनी रहे। भर्ती प्रक्रिया 19 जुलाई तक चलेगी।
केदारनाथ यात्रा, आपदा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में होमगार्ड की अहम भूमिका होती है। इसके बावजूद केवल 24 पदों के लिए 1103 आवेदन इस बात का संकेत हैं कि उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में रोजगार के अवसर अभी भी सीमित हैं और सरकारी नौकरियों पर युवाओं की निर्भरता लगातार बढ़ रही है।