आशीष नेगी–उद्धव ठाकरे मुलाकात पर गरमाई उत्तराखंड की राजनीति, भाजपा पर भड़के युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत; बोले — उक्रांद की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाई भाजपा
देहरादून। युवा उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी के हालिया मुंबई दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस बीच युवा उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल की बढ़ती लोकप्रियता को देखकर भाजपा बौखला गई है।
बताया गया कि मुंबई दौरे के दौरान आशीष नेगी ने मुंबई महाकौथिग कार्यक्रम में प्रवासी उत्तराखंडियों से मुलाकात कर पहाड़ बचाने की लड़ाई में जुड़ने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने हिंदू सम्राट कहे जाने वाले स्वर्गीय बाला साहब ठाकरे के निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके पुत्र उद्धव ठाकरे से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान उद्धव ठाकरे ने कथित तौर पर पहाड़ बचाने की लड़ाई को समर्थन देने की बात कही। इस दौरान आशीष नेगी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के समय जब आंदोलन अपने चरम पर था और तत्कालीन सरकार द्वारा आंदोलनकारियों पर दमन किया जा रहा था, तब स्वर्गीय बाला साहब ठाकरे ने उत्तराखंड आंदोलन का खुलकर समर्थन किया था।
आशीष नेगी और उद्धव ठाकरे की मुलाकात के बाद भाजपा समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए आयुष रावत ने कहा कि बाला साहब ठाकरे द्वारा राज्य आंदोलन के समय दिया गया समर्थन पहाड़ के लोग कभी नहीं भूल सकते।
उन्होंने कहा, “मुंबई पहुंचने पर आशीष नेगी का बाला साहब ठाकरे के घर जाकर श्रद्धांजलि देना पहाड़ियों के स्वाभिमान का प्रतीक है।” आयुष रावत ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि “बाला साहब ठाकरे को श्रद्धांजलि देने उन्हीं के घर जाएंगे, न कि पुष्कर सिंह धामी जी के।”
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे शिवसेना से हैं, कांग्रेस से नहीं, और उत्तराखंड क्रांति दल एक क्षेत्रीय दल है। ऐसे में इस मुलाकात को कांग्रेस या किसी राजनीतिक गठबंधन से जोड़ना तर्कहीन है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया।