सीने में दर्द की शिकायत लेकर मेडिकल स्टोर पहुंचा शख्स अचानक गिरा, संचालक ने CPR देकर बचाई जान
चमोली: कर्णप्रयाग-सिमली मार्ग स्थित एक मेडिकल स्टोर पर 16 सितंबर की देर शाम सीने में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह स्टूल पर बैठा था और अचानक जमीन पर गिर पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल स्टोर संचालक कैलाश चंद्र ने तत्काल सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया और बाद में व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
मेडिकल स्टोर संचालक कैलाश चंद्र के अनुसार, व्यक्ति अपनी मां के साथ मेडिकल स्टोर पर आया था और उसने सीने में दर्द की शिकायत की थी। उसका ब्लड प्रेशर जांचने पर करीब 140 आया। कैलाश चंद्र ने उसे तत्काल अस्पताल जाने की सलाह दी, लेकिन व्यक्ति ने अस्पताल जाने से इनकार करते हुए गैस की दवा देने को कहा। इसी दौरान वह अचानक स्टूल से नीचे गिर पड़ा। कैलाश चंद्र ने बिना समय गंवाए उसे सीपीआर देना शुरू किया और इसके बाद अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
कैलाश चंद्र ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2011 में देहरादून से फार्मेसी का प्रशिक्षण लिया था और दिल्ली के मैक्स अस्पताल में करीब तीन साल तक काम किया। लंबे समय तक मेडिकल क्षेत्र से जुड़े रहने के कारण उन्हें आपात स्थिति में प्राथमिक सहायता देने का अनुभव रहा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें व्यक्ति को अचानक गिरते और मेडिकल स्टोर संचालक को तत्काल उसकी मदद करते देखा जा सकता है।
क्या होता है CPR?
सीपीआर एक आपातकालीन प्रक्रिया है, जिसका इस्तेमाल तब किया जाता है जब कोई व्यक्ति सामान्य रूप से सांस नहीं ले रहा हो और उसकी धड़कन रुक गई हो या उसके संकेत न मिल रहे हों। ऐसी स्थिति में तुरंत स्थानीय आपातकालीन चिकित्सा सहायता बुलाना और प्रशिक्षित व्यक्ति द्वारा CPR शुरू करना महत्वपूर्ण होता है।
आधुनिक CPR में वयस्क के लिए छाती के बीचोंबीच 100–120 बार प्रति मिनट की दर से दबाव देने की सलाह दी जाती है। प्रशिक्षित व्यक्ति और उचित परिस्थिति में रेस्क्यू ब्रीदिंग भी दी जा सकती है।