चमोली में मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे में पुलिस ने दबोचा
चमोली। पोखरी थाना क्षेत्र में मूक-बधिर महिला के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर संजय उर्फ सन्तू (34) को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के मुताबिक, बीते शनिवार को एक महिला ने थाना पोखरी में तहरीर देकर अपनी मूक-बधिर ननद के साथ ग्राम सांकरी निवासी संजय उर्फ सन्तू पुत्र धर्मपाल द्वारा जबरन दुष्कर्म किए जाने की शिकायत की थी। तहरीर के आधार पर पोखरी थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम बुलाकर निरीक्षण कराया और आवश्यक साक्ष्य भी संकलित किए।
थानाध्यक्ष पोखरी देवेंद्र पंत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस की तत्परता के चलते आरोपी को घटना की सूचना प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि महिला अपराध समेत अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और अपराधियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नोट: मामला पुलिस में दर्ज आरोप और गिरफ्तारी से संबंधित है; आरोपी के दोषी होने का अंतिम निर्धारण न्यायालय द्वारा किया जाएगा।