🚨 BREAKING NEWS
Advertisement
Advertise with us
Homeराजनीतिबढ़ते अपराधों पर कांग्रेस का धामी सरकार...

बढ़ते अपराधों पर कांग्रेस का धामी सरकार पर हमला, कानून व्यवस्था और जनता की सुरक्षा पर उठाए सवाल

P
By Pahadnews24
June 16, 2026 • 1 min read
बढ़ते अपराधों पर कांग्रेस का धामी सरकार पर हमला, कानून व्यवस्था और जनता की सुरक्षा पर उठाए सवाल
बढ़ते अपराधों पर कांग्रेस का धामी सरकार पर हमला, कानून व्यवस्था और जनता की सुरक्षा पर उठाए सवाल (Photo: Pahad News)

राज्य में बढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस ने धामी सरकार को घेरते हुए जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सहसपुर के बैरागीवाला में हुई हत्या की घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यदि संबंधित पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था तो पुलिस और प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप क्यों नहीं किया। उन्होंने कहा कि हत्या में शामिल सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी हो और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों से शांति, संयम और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए चेताया कि इस घटना को सांप्रदायिक या राजनीतिक रंग देने की कोशिशों से समाज को सतर्क रहना चाहिए।

बढ़ते अपराध पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, कानून व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ते अपराधों और कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर कांग्रेस ने धामी सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला में हुई हत्या की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक विनोद कश्यप के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

गोदियाल ने कहा कि एक स्थानीय विवाद का हिंसक रूप लेकर हत्या और तनावपूर्ण स्थिति में बदल जाना कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। उन्होंने सवाल किया कि यदि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था तो स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप क्यों नहीं किया और ऐसी कौन सी चूक हुई जिससे हालात इतने भयावह हो गए।

उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति, धर्म या राजनीतिक पहचान नहीं होती और हत्या में शामिल सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। कांग्रेस ने मांग की कि आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि दोषियों को सजा मिले और किसी निर्दोष व्यक्ति का नुकसान न हो।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान सामाजिक सौहार्द और आपसी विश्वास की रही है, इसलिए किसी भी दुखद घटना को सांप्रदायिक या राजनीतिक रंग देने की कोशिशों से बचना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

गोदियाल ने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, जमीन विवादों से जुड़ी घटनाएं, संगठित आपराधिक गतिविधियां और बैरागीवाला जैसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि सरकार जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

इधर, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और महिला वर्ग पर बढ़ते अत्याचारों के विरोध में कांग्रेस ने देहरादून के घंटाघर स्थित अंबेडकर पार्क में एक दिवसीय धरना भी दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में इन वर्गों पर अत्याचार की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है और कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है।

धस्माना ने टिहरी जिले के प्रतापनगर क्षेत्र के देवल गांव में केतन लाल की हत्या सहित कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं और कमजोर वर्गों के खिलाफ गंभीर अपराध बढ़े हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल ने कहा कि अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज के लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सरकार को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।


 

राजनीति UTTARAKHAND