भारी भूस्खलन से केदारनाथ पैदल मार्ग बंद, यात्रियों की आवाजाही रोकी गई
रुद्रप्रयाग: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गुरुवार सुबह गौरीकुंड गेट से करीब 200 मीटर आगे भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा, विशाल बोल्डर और चट्टानें पैदल मार्ग पर आ गिरीं, जिससे यात्रा मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल यात्रियों की आवाजाही रोक दी और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, डीडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं तथा मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। हालांकि लगातार बारिश और ऊपर से गिर रहे पत्थरों के कारण राहत एवं बहाली कार्य प्रभावित हो रहा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने, बिना अनुमति आगे न बढ़ने और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।