जय भारत टीवी के वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट को लेकर दिनभर गरमाया मामला, पुलिस बयान के बाद भी उठ रहे सवाल
देहरादून–: जय भारत टीवी के वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट को लेकर शनिवार सुबह से सोशल मीडिया और पत्रकारिता जगत में चर्चाओं का बाजार गर्म है। मामले को लेकर तरह-तरह के आरोप और दावे सामने आ रहे हैं, जिसके बाद देहरादून पुलिस की ओर से भी आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
गौरतलब है कि सुबह से ही वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट की कथित गिरफ्तारी और पूछताछ को लेकर चर्चाएं सुर्खियों में बनी हुई हैं। आरोप लगाए जा रहे हैं कि शनिवार तड़के करीब चार बजे पुलिस उनके घर पहुंची, जहां उनके साथ कथित रूप से अभद्रता और मारपीट की गई। यह भी आरोप है कि पुलिस ने उनकी पत्नी का मोबाइल फोन बच्चों के सामने छीन लिया और उसके बाद से हेम भट्ट का कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया।
सोशल मीडिया पर यह दावा भी तेजी से वायरल हो रहा है कि यह पूरा घटनाक्रम भाजपा नेता एवं गदरपुर विधायक अरविंद पांडे का इंटरव्यू किए जाने के बाद सामने आया। हालांकि इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर देहरादून पुलिस ने पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा है कि 20 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त प्रदीप सकलानी से पूछताछ के दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों के नाम सामने आए थे। पुलिस के अनुसार हेम भट्ट का नाम भी पूछताछ में सामने आने के बाद उन्हें संदिग्धता के आधार पर पूछताछ हेतु बुलाया गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रदीप सकलानी के खिलाफ जमीन धोखाधड़ी के 26 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और कई मामलों में जांच जारी है। वहीं दूसरी ओर पत्रकार संगठनों और सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई जा रही है।