विधायक शिव अरोड़ा के बयान के विरोध में आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, पुतला फूंका
जसपुर। रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा द्वारा मुस्लिम समाज को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जसपुर में प्रदर्शन किया। शनिवार को जिला पंचायत सदस्य नईम प्रधान के नेतृत्व में कार्यकर्ता सुभाष चौक पहुंचे और विधायक के बयान पर नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करते हुए जिम्मेदारी के साथ बयान देना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने विधायक का पुतला फूंकते हुए बयान पर माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शन के बाद संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग भी की गई। इस दौरान शहनवाज प्रधान, गौतम कुमार, शफीक चौधरी, उस्मान डंपी, आफताब सैफी, राहिब, शादाब कमाल, जबीर, असलम, लियाकत और इरफान समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।