‘ये तो सिर्फ झांकी है…’ कुलदीप रावत की हुंकार के साथ शंकरपुर में उमड़ा जनसैलाब
शंकरपुर, पौड़ी गढ़वाल: लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के संभावित विधानसभा प्रत्याशी कुलदीप रावत ने शंकरपुर में रैली निकालकर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। रैली में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने क्षेत्र के राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है।
रैली के दौरान उक्रांद के वरिष्ठ नेताओं में शामिल पान सिंह रावत ने कुलदीप रावत को अपना आशीर्वाद दिया। वहीं उक्रांद युवा आईटी हेड दिव्यांशु मधवाल, बृज मोहन रावत, मनीष रावत, धनपाल रावत सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कामेड़ा के ग्राम प्रधान संजय ‘संजू’ समेत क्षेत्र के कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी रैली में भागीदारी की।
पहाड़ न्यूज से विशेष बातचीत में कुलदीप रावत ने कहा कि रैली का उद्देश्य उत्तराखंड क्रांति दल की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “यह तो सिर्फ एक झांकी है, इसके आगे बड़ी-बड़ी रैलियां भी होंगी।” कुलदीप रावत ने यह भी कहा कि रैली में शामिल होने के लिए जनता अपने संसाधनों से स्वयं पहुंची है और किसी तरह के संसाधन खर्च किए बिना लोगों का इस तरह जुटना उनके लिए उत्साहजनक है।
कुलदीप रावत पिछले लंबे समय से लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में सक्रिय हैं। गांव-गांव संपर्क और स्थानीय मुद्दों को लेकर उनकी सक्रियता के बाद शंकरपुर में आयोजित इस रैली को उनके राजनीतिक अभियान के बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
खास बात यह रही कि रैली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर युवा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप दिया। ऐसे में शंकरपुर का यह शक्ति प्रदर्शन लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र में उक्रांद की सक्रियता और कुलदीप रावत की राजनीतिक दावेदारी को लेकर नई चर्चाओं को जन्म देता नजर आ रहा है।
आने वाले दिनों में कुलदीप रावत की अगली रैली और क्षेत्र में उनकी राजनीतिक सक्रियता पर नजर रहेगी।