लैंसडाउन में देश को मिले 259 जांबाज अग्निवीर, शपथ परेड के बाद बने भारतीय सेना का अभिन्न हिस्सा
पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन स्थित लैंसडाउन के भवानी दत्त जोशी परेड ग्राउंड में आज गौरव और सैन्य परंपरा से भरपूर माहौल में अग्निवीरों की पासिंग आउट परेड संपन्न हुई। गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर में आयोजित इस शपथ परेड के बाद अग्निवीर अब औपचारिक रूप से भारतीय सेना का अभिन्न हिस्सा बन गए। परेड के दौरान भारत माता की सेवा की शपथ दिलाई गई और मैदान ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
परेड की सलामी कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने ली। इस अवसर पर 374 अग्निवीरों में से 259 ने पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया, जबकि शेष अग्निवीर अतिरिक्त प्रशिक्षण के लिए विभिन्न स्थानों पर भेजे गए हैं। ट्रेनिंग पूरी कर सेना में शामिल हुए इन जवानों ने युद्ध स्मारक पर शहीदों को सलामी दी, जिसके बाद भावुक परिजनों ने उन्हें गले लगाकर देशसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। काशीपुर से आए एक परिवार ने गर्व जताते हुए बताया कि उनकी चौथी पीढ़ी अब गढ़वाल राइफल्स का हिस्सा बनी है।
ब्रिगेडियर नेगी ने कहा कि गढ़वाल राइफल्स का गौरवशाली इतिहास रहा है और गढ़वाल के सैनिकों ने हर मोर्चे पर अपनी वीरता का परिचय दिया है। यह अग्निवीरों का छठा बैच है, जिन्होंने छह महीने की कठिन ट्रेनिंग पूरी कर यह उपलब्धि हासिल की है।