टीवी देख रहे बुजुर्ग पर तेंदुए का हमला, बेटी की बहादुरी से बची जान; तेंदुआ घर में ही हुआ कैद
चंपावत: चंपावत जिले के सिमल्टा गांव में शुक्रवार देर रात एक तेंदुआ घर में घुस आया और टीवी देख रहे 64 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान मायके आई उनकी बेटी किरण पांडे ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए पिता को तेंदुए के चंगुल से बचाया और तेंदुए को घर के भीतर ही बंद कर दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत सिमल्टा निवासी सुरेश चंद्र पांडे पुत्र लक्ष्मी दत्त पांडे शुक्रवार रात भोजन के बाद अपने घर में टीवी देख रहे थे। तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने घर में घुसकर उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान उनकी बेटी किरण पांडे ने साहस दिखाते हुए पिता को बचाया और तेंदुए को कमरे के अंदर बंद कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद तेंदुए को सुरक्षित पिंजरे में कैद कर लिया गया। घायल सुरेश चंद्र पांडे को तत्काल जिला अस्पताल चंपावत में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।