🚨 BREAKING NEWS
Advertisement
Advertise with us
Homeराजनीतिराहुल गांधी की अल्मोड़ा जनसभा को सफल बना...

राहुल गांधी की अल्मोड़ा जनसभा को सफल बनाने के लिए महिला कांग्रेस ने बनाई रणनीति

P
By Pahadnews24
June 3, 2026 • 1 min read
राहुल गांधी की अल्मोड़ा जनसभा को सफल बनाने के लिए महिला कांग्रेस ने बनाई रणनीति
राहुल गांधी की अल्मोड़ा जनसभा को सफल बनाने के लिए महिला कांग्रेस ने बनाई रणनीति (Photo: Pahad News)

रुद्रपुर। आगामी 4 जून को अल्मोड़ा में आयोजित होने वाली लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की जनसभा को सफल बनाने के लिए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक सिटी क्लब रुद्रपुर में आयोजित की गई। बैठक में जनसभा और रैली में महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई।


 

बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोरा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और आधुनिक भारत के निर्माण में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के लिए कांग्रेस लगातार प्रयासरत है तथा राहुल गांधी महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं।


 

उत्तराखंड की सह प्रभारी पूनम पंडित ने कहा कि महिलाओं को महंगाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महिलाओं का सबसे अधिक शोषण हो रहा है। उन्होंने महिलाओं से बड़ी संख्या में अल्मोड़ा पहुंचकर राहुल गांधी की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।


 

इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा प्रदेश की जनता, महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।


 

बैठक में महिला आरक्षण को लागू करने की मांग को लेकर पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत भी की गई। वक्ताओं ने बताया कि महिला आरक्षण के समर्थन में दस लाख से अधिक पोस्टकार्ड भेजे जाएंगे। साथ ही महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने, बढ़ती महंगाई से राहत दिलाने और उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रभावी नीतियों की आवश्यकता पर जोर दिया गया।


 

बैठक में प्रदेश में बढ़ती महंगाई, महिलाओं पर पड़ रहे आर्थिक बोझ तथा विभिन्न जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को संगठित होकर अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए आगे आना होगा।


 

बैठक में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, जया कर्नाटक, रेखा सोनकर, सुनीता कश्यप, प्रीती साना, अंकिता अधिकारी, सरोज रानी, सरस्वती बाला, कमला देवी, संगीता मंडल, ज्योति साना, भजन कौर, सोनिया खुराना, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, ललित सिंह बिष्ट, पार्षद जितेश शर्मा, गौरव खुराना, पंकज शर्मा, शुभम दास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने 4 जून को अल्मोड़ा में आयोजित राहुल गांधी की जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।


 

राजनीति UTTARAKHAND