एमबीपीजी में छात्रसंघ चुनाव के अंतिम दौर में मारपीट, दो गिरफ्तार
हल्द्वानी। एमबीपीजी महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के अंतिम दौर में दो गुटों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। मामले में पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना में राधे गुप्ता नामक छात्र के चोटिल होने की बात सामने आई है। वहीं, घटना में शामिल अन्य युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
घटना का संज्ञान लेते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अधिकारियों को छात्रसंघ चुनाव की आड़ में मारपीट, दबंगई या अराजकता करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने उपलब्ध वीडियो फुटेज की जांच शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों को चिह्नित किया। पुलिस के अनुसार, धारा 172 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए राजपुरा निवासी अनिकेत चरण और तिकोनिया कैनाल रोड, हल्द्वानी निवासी दीपक बोरा को गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, दोनों युवकों को सचिव पद के प्रत्याशी भविष्य रावत का समर्थक बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, दिन में दोनों युवकों पर सचिव पद के दूसरे प्रत्याशी सार्थक रस्तोगी के समर्थकों के साथ मारपीट में शामिल होने का आरोप है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज, कांस्टेबल मुकेश सिंह और कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह शामिल रहे। पुलिस ने कहा है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।