NH-309 पर आयुष रावत की दो टूक: “एक माह में सड़क दुरुस्त करो, वरना हाईवे जाम कर करेंगे आंदोलन”
काशीपुर। रामनगर–काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-309) की बदहाल स्थिति, जगह-जगह बने गड्ढों और लंबे समय से सड़क सुधारीकरण न होने के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) काशीपुर के बैनर तले एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया गया। धरने में UKD कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सड़क की स्थिति को लेकर आक्रोश जताते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल सुधारीकरण की मांग की। इस दौरान UKD युवा केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने आंदोलन को लेकर स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक माह के भीतर NH-309 की सड़क दुरुस्त नहीं की गई तो UKD हाईवे जाम करने सहित उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
आयुष रावत ने कहा कि रामनगर–काशीपुर मार्ग की बदहाली से प्रतिदिन हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गड्ढे आवागमन में बाधा बनने के साथ दुर्घटनाओं का कारण भी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता लंबे समय से इस समस्या को झेल रही है, लेकिन जिम्मेदार विभागों और जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक धरातल पर अपेक्षित काम दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा, “जो लोग हम पर आरोप लगाते हैं कि UKD राजनीति कर रही है, हम छाती ठोककर और गर्व से कहते हैं कि हां, हम राजनीति करेंगे, लेकिन जनता के हक, अधिकार और मूलभूत सुविधाओं के लिए राजनीति करेंगे।”
UKD युवा जिलाध्यक्ष काशीपुर प्रदीप मैंदोलिया ने कहा कि काशीपुर के मेयर दीपक बाली पूर्व में कई माह पहले इस सड़क के लिए बजट पास होने की घोषणा कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की स्थिति में कोई ठोस सुधार नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि बजट स्वीकृत हो चुका है तो निर्माण कार्य अब तक शुरू क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जनता को कागजी घोषणाओं के बजाय सड़क पर वास्तविक काम दिखाई देना चाहिए।
UKD के रामनगर विधानसभा के संभावित प्रत्याशी भुवन सत्यवाली ने कहा कि NH-309 रामनगर और काशीपुर के बीच आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क की खराब स्थिति का असर स्थानीय व्यापार, परिवहन, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और रोजाना सफर करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता को अब आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहिए और UKD इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।
UKD युवा रानीखेत जिलाध्यक्ष ने कहा कि NH-309 की समस्या केवल रामनगर और काशीपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि इस मार्ग से जुड़े बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए वे सुल्त से होकर आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे हैं। उनका कहना था कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के लिए जनता को बार-बार आंदोलन करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
धरने के दौरान UKD नेताओं ने संबंधित विभाग और सरकार से सड़क सुधारीकरण का कार्य स्पष्ट समयसीमा के साथ शुरू करने की मांग की। UKD ने एक माह की समयसीमा देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में NH-309 की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को अगले चरण में ले जाकर हाईवे जाम और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर UKD केंद्रीय महामंत्री राकेश चौहान, काशीपुर महानगर अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, शुभम रावत, विशाल चौधरी, सतेंद्र शर्मा, वीरेंद्र नेगी, जगत सिंह नेगी, गोपाल बिष्ट सहित UKD के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।