पवनदीप राजन के जीजा नारायण लाल ने किया बड़ा उलटफेर, भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को हराया
चंपावत। चंपावत जिले की पाटी नगर पंचायत चुनाव में प्रसिद्ध गायक पवनदीप राजन के जीजा और निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने भाजपा उम्मीदवार नवीन राम को हराकर जीत दर्ज की। इस परिणाम के बाद क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
मतगणना के दौरान मुकाबला काफी रोचक रहा। भाजपा प्रत्याशी नवीन राम ने परिणामों पर आपत्ति जताते हुए कई बार पुनर्मतगणना की मांग की। उनकी मांग के बाद कुल चार बार मतों की गिनती कराई गई, लेकिन हर बार परिणाम समान रहे और अंततः नारायण लाल को विजयी घोषित कर दिया गया।
यह चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र में हुआ। ऐसे में निर्दलीय प्रत्याशी की यह जीत राजनीतिक दृष्टि से अहम मानी जा रही है। वहीं, पवनदीप राजन के परिवार से जुड़े उम्मीदवार की जीत ने स्थानीय स्तर पर उनके प्रभाव को लेकर भी चर्चाओं को तेज कर दिया है।