सीएम के गृह जनपद पिथौरागढ़ में चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था, जिला अस्पताल में एक बेड पर दो मरीज भर्ती
पिथौरागढ़: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह जनपद पिथौरागढ़ में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बदहाल तस्वीर सामने आई है। बीडी पांडे जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या क्षमता से अधिक होने के कारण एक ही बेड पर दो-दो मरीजों का इलाज किया जा रहा है। मौसमी बीमारियों के बढ़ते मामलों के बीच अस्पताल के वार्ड पूरी तरह भर चुके हैं और मरीजों को पर्याप्त बेड उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
जिला अस्पताल पिथौरागढ़ के साथ-साथ नेपाल, बागेश्वर और चंपावत से आने वाले मरीजों का भी प्रमुख केंद्र है। बेड, डॉक्टरों और स्टाफ की कमी के कारण अस्पताल पर लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है। तीमारदारों ने एक बेड पर दो मरीजों के भर्ती होने से संक्रमण का खतरा बढ़ने की चिंता जताई है।
अस्पताल के पीएमएस डॉ. डीपी सिंह ने कहा कि किसी भी मरीज को बिना इलाज लौटाना संभव नहीं है, इसलिए उपलब्ध संसाधनों में सभी को उपचार देने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं अस्पताल में तैनात एकमात्र चेस्ट फिजीशियन की ड्यूटी चारधाम यात्रा में लगाए जाने से सांस और सीने से जुड़ी समस्याओं वाले मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मुद्दे पर महिला कांग्रेस की डीडीहाट जिलाध्यक्ष नंदा बिष्ट ने राज्य सरकार पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सड़क पर उतरेगी।
जिला मुख्यालय के अलावा बेरीनाग, गंगोलीहाट, धारचूला, मुनस्यारी और डीडीहाट के अस्पतालों में पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के कारण अधिकांश मरीजों को पिथौरागढ़ जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है। इससे पूरे जिले का भार अकेले जिला अस्पताल पर आ गया है और स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।