धूमाकोट महाकौथिग का सफल समापन, लोक संस्कृति के रंग में सराबोर हुए हजारों दर्शक
धूमाकोट। क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित धूमाकोट महाकौथिग सीजन-5 का सफल समापन उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के बीच संपन्न हो गया। लगातार तीन दिनों तक चले इस भव्य आयोजन में स्थानीय संस्कृति, लोक संगीत और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों पर जमकर झूमे।
कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रसिद्ध लोकगायिका मंजू नौटियाल ने अपनी धमाकेदार प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनके गीतों पर दर्शक देर रात तक थिरकते रहे। वहीं उभरते हुए युवा गायक रमेश उप्रेती और हिमांशु नेगी ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से लोगों का दिल जीत लिया। उनके गीतों पर युवाओं समेत सभी आयु वर्ग के लोग खूब झूमते नजर आए।
आयोजन समिति के सदस्य कुलदीप रावत ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से लगातार इस महाकौथिग का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ अपने लोगों से मिलने-जुलने का भी महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
वहीं सहयोग ट्री फाउंडेशन के अध्यक्ष सोमपाल नेगी ने कहा कि पहाड़ की संस्कृति, लोक कला और लोक कलाकारों को मंच देने के लिए इस प्रकार के आयोजनों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महाकौथिग जैसे कार्यक्रम न केवल सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य करते हैं, बल्कि क्षेत्र में रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन के सफल समापन के साथ एक बार फिर धूमाकोट महाकौथिग ने यह साबित कर दिया कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति आज भी लोगों के दिलों में जीवंत है और उसे आगे बढ़ाने के लिए समाज का व्यापक सहयोग मिल रहा है।