राहुल गांधी पर मुकदमे के विरोध में यूथ कांग्रेस का मशाल जुलूस, पुलिस से तीखी झड़प
हल्द्वानी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कोतवाली में दर्ज मुकदमे के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन लगातार जारी है। बुधवार देर शाम यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिकोनिया चौराहे से हल्द्वानी कोतवाली तक मशाल जुलूस निकाला। जुलूस का नेतृत्व यूथ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं ‘छात्रों की गूंज’ की कॉर्डिनेटर राधा आर्या ने किया।
मशाल जुलूस के हल्द्वानी कोतवाली पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद भी कार्यकर्ताओं का विरोध जारी रहा और कोतवाली परिसर में पुलिस एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को तत्काल वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है और इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने हल्द्वानी कोतवाली परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।