🚨 BREAKING NEWS
Advertisement
Advertise with us
Homeपर्यटनजोशीमठ में भयंकर जाम से श्रद्धालु परेशान...

जोशीमठ में भयंकर जाम से श्रद्धालु परेशान, सड़क पर रेंगती दिखीं गाड़ियां; प्रशासन ने लागू किया गेट सिस्टम

P
By Pahadnews24
May 31, 2026 • 1 min read
जोशीमठ में भयंकर जाम से श्रद्धालु परेशान, सड़क पर रेंगती दिखीं गाड़ियां; प्रशासन ने लागू किया गेट सिस्टम
जोशीमठ में भयंकर जाम से श्रद्धालु परेशान, सड़क पर रेंगती दिखीं गाड़ियां; प्रशासन ने लागू किया गेट सिस्टम (Photo: Pahad News)

चमोली। चारधाम यात्रा के चरम पर पहुंचते ही यात्रा मार्गों पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा के लिए उमड़ रही भारी भीड़ के चलते जोशीमठ क्षेत्र में पिछले कई दिनों से भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है। जाम के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को घंटों सड़क पर फंसे रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।


 

जोशीमठ से मारवाड़ी तक लगभग 8 किलोमीटर लंबे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। जीरो बैंड से लेकर मारवाड़ी तक सड़क संकरी होने के कारण दिनभर और देर रात तक यातायात प्रभावित रहा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में सड़क पर वाहन रेंगते हुए नजर आ रहे हैं।


 

बदरीनाथ धाम के साथ-साथ हेमकुंड साहिब यात्रा शुरू होने से यात्रियों की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी हुई है। इससे यात्रा मार्ग पर दबाव बढ़ गया है और जाम की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। जाम के चलते कई श्रद्धालुओं को अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों अतिरिक्त समय लग रहा है।


 

स्थिति को नियंत्रित करने और यात्रा को सुचारु बनाने के लिए प्रशासन ने अब गेट सिस्टम लागू कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि गेट सिस्टम के माध्यम से वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा, जिससे बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी और यात्रा मार्ग को जाम मुक्त बनाने में मदद मिलेगी।


 

प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और यात्रा से पहले यातायात संबंधी अपडेट प्राप्त करने की अपील की है।


 

पर्यटन UTTARAKHAND