ऋषिकेश में हरियाणा के पर्यटकों को नग्न कर पीटने वाले 2 गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी
ऋषिकेश में हरियाणा से घूमने आए पर्यटकों के साथ सरेआम मारपीट, जानलेवा हमला और उनकी कार में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना में शामिल दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मामला 20 मई का बताया जा रहा है। हरियाणा के कैथल निवासी सतवीर सिंह अपने साथियों सोनू, सतीश कुमार, प्रदीप कुमार और विक्रम सिंह के साथ कार से ऋषिकेश घूमने आए थे। इसी दौरान काले की ढाल क्षेत्र में एक महिला से हुई गलतफहमी के बाद विवाद बढ़ गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
आरोप है कि भीड़ में शामिल लोगों ने पर्यटकों के साथ जमकर मारपीट की, उन्हें सड़क पर अपमानित किया और उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मारपीट में सभी पर्यटक घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित सतवीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 5 नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भरत विहार ट्रक यूनियन पार्किंग क्षेत्र में दबिश देकर दो आरोपियों अशोक थापा और नरेश कश्यप निवासी काले की ढाल, ऋषिकेश को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आईडीपीएल के पास स्कूटी सवार महिला ने कार को रोका था। महिला के साथ उसकी बेटी भी मौजूद थी। महिला का आरोप था कि कार सवार युवकों ने टिप्पणी और इशारे किए थे, जिसके बाद बहस शुरू हो गई। इसी बीच आसपास के लोग जमा हो गए और मामला हिंसक हो गया।
एसपी जया बलूनी ने कहा कि अगर किसी को छेड़छाड़ या अभद्र टिप्पणी की आशंका थी तो पुलिस को सूचना देनी चाहिए थी। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों और महिला ने भीड़ से पर्यटकों को बचाने की कोशिश भी की थी।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।