यूकेडी के अल्मोड़ा जिला कार्यालय के शुभारंभ पर सदस्यता की लहर, पार्षद-प्रधान सहित सैकड़ों लोग हुए शामिल
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के क्षेत्रीय विकास, जन-सरोकारों और राज्य हितों की राजनीति को नई दिशा देने के उद्देश्य से उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अल्मोड़ा में अपने नए जिला कार्यालय का भव्य शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, युवाओं, मातृशक्ति और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

कार्यालय का विधिवत उद्घाटन यूकेडी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी तथा युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप रावत की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर दल के केंद्रीय मंत्री मुन्ना गोस्वामी, जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान अल्मोड़ा क्षेत्र में पिछले एक दशक से सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहे प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला ने उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ क्षेत्र के कई नगर निगम पार्षदों, ग्राम प्रधानों, महिलाओं, युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने भी यूकेडी का दामन थामकर संगठन को मजबूती प्रदान की।
नवसदस्यों का स्वागत करते हुए काशी सिंह ऐरी ने कहा कि विनय किरौला जैसे ऊर्जावान और कर्मठ युवाओं का दल से जुड़ना इस बात का संकेत है कि उत्तराखंड का युवा अब राज्य की मूल भावना और क्षेत्रीय हितों की राजनीति को समझते हुए यूकेडी की ओर आकर्षित हो रहा है। वहीं पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि नया जिला कार्यालय राज्य आंदोलन की मूल अवधारणाओं को आगे बढ़ाने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का केंद्र बनेगा।

युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप रावत ने इसे बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि युवाओं का बढ़ता समर्थन उत्तराखंड के स्वाभिमान की लड़ाई को नई शक्ति प्रदान करेगा। जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी ने भी इसे संगठन के लिए सकारात्मक और उत्साहजनक संदेश बताया।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद विनय किरौला ने कहा कि वे पिछले दस वर्षों से ग्रामीण विकास, सामाजिक उत्थान और पहाड़ी समाज की प्रगति के लिए कार्य कर रहे हैं तथा उत्तराखंड क्रांति दल ही ऐसा संगठन है जो राज्य निर्माण की मूल सोच और जनभावनाओं के प्रति आज भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यूकेडी के साथ मिलकर अल्मोड़ा और पूरे उत्तराखंड के विकास को नई गति दी जाएगी।
इस अवसर पर अल्मोड़ा नगर निगम की पार्षद कमला किरौला, प्रधान संजय सिंह कनवाल, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ से गोविंद कनवाल पाखुड़ा, मनोहर सिंह परिहार, सूरज सिंह कपकोटी, नैणी बाराकोट के ग्राम प्रधान दिनेश कुमार, सल्ला की ग्राम प्रधान सरिता देवी, बल्टा से जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी जीवन सिंह बिष्ट सहित सैकड़ों लोगों ने उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में भारी जनसमर्थन और उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह संकेत दिया कि अल्मोड़ा में यूकेडी संगठनात्मक रूप से मजबूत हो रहा है और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी पकड़ लगातार बढ़ा रहा है।