सड़क हादसे में जिला पंचायत सदस्य के पति की मौत, केदारघाटी में शोक की लहर
रुद्रप्रयाग। भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार डॉ. कैलाश पुष्पाण की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही केदारघाटी और ऊखीमठ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रक्षाबंधन के दिन हुई इस दुखद घटना से परिवार में मातम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर डॉ. कैलाश पुष्पाण स्कूटी से भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही टाटा सूमो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डॉ. पुष्पाण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही बेहोश हो गए। हादसे के बाद सूमो चालक उन्हें उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉ. कैलाश पुष्पाण की पहचान पंचकेदार होटल/होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य परकंडी प्रीति पुष्पाण के पति के रूप में हुई है। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। रक्षाबंधन की खुशियां परिवार के लिए अचानक गहरे दुख में बदल गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार डॉ. पुष्पाण अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। सेवाभाव और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहने के कारण वे लोगों के बीच लोकप्रिय थे। उनके निधन से क्षेत्रवासियों ने एक संवेदनशील और सेवाभावी व्यक्तित्व खो दिया है।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग गुप्तकाशी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहीं डॉ. पुष्पाण के निधन के शोक में ऊखीमठ के व्यापारियों द्वारा अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद टाटा सूमो चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा गुप्तकाशी में शव के पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है। ऊखीमठ पुलिस के अनुसार तहरीर मिलने के बाद मामले की विधिवत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों का पता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।